Cointelegraph
Jai Singla द्वारा लिखितस्टाफ संपादकPratik Bhuyan द्वारा समीक्षितस्टाफ संपादक

भारत में AI हैकर्स का बड़ा खतरा, Crypto Exchanges समेत कई वित्तीय कंपनियां निशाने पर

ताजा खबरेंप्रकाशित6 नव॰ 2026

CERT-In ने CRAFTY FALCON नाम के AI-संचालित साइबर हमले को लेकर चेतावनी जारी की है। क्रिप्टो एक्सचेंज, NBFC और फिनटेक कंपनियां निशाने पर हैं।

भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने देश की वित्तीय कंपनियों और क्रिप्टो एक्सचेंजों को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, हैकर्स अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बेहद तेजी से साइबर हमले कर रहे हैं। इन हमलों में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFCs), फिनटेक प्लेटफॉर्म, डिजिटल लेंडिंग कंपनियां, पेमेंट सेवाएं देने वाली संस्थाएं और क्रिप्टो एक्सचेंज निशाने पर हैं।

CERT-In ने 4 नवंबर को जारी अपने नए सुरक्षा अलर्ट में इस अभियान को 'CRAFTY FALCON' नाम दिया है। एजेंसी के अनुसार, हमलावर AI आधारित टूल्स का इस्तेमाल कर कंपनियों के सिस्टम में सेंध लगा रहे हैं, उनके भुगतान से जुड़े ढांचे का दुरुपयोग कर रहे हैं और क्रिप्टो वॉलेट की निजी चाबियां चुराकर डिजिटल संपत्ति निकाल रहे हैं।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि यह अभियान अभी भी सक्रिय है। CERT-In को ऐसी कंपनियों से भी सफल साइबर हमलों की जानकारी मिल रही है, जिन्होंने पहले चेतावनी मिलने के बाद अपने सिस्टम की सुरक्षा मजबूत करने के कदम उठाए थे।

AI की मदद से मशीन की रफ्तार पर हो रहे साइबर हमले

CERT-In के अनुसार, CRAFTY FALCON नाम का यह खतरा पारंपरिक हैकिंग से ज्यादा तेज और व्यवस्थित तरीके से काम करता है। हमलावर AI टूल्स की मदद से पहले किसी कंपनी के सिस्टम और उसकी कमजोरियों की पहचान करते हैं। इसके बाद वे उसी कंपनी के भुगतान और पैसा भेजने वाले सिस्टम का इस्तेमाल करके अनधिकृत लेनदेन करने की कोशिश करते हैं।

इस अभियान में चार प्रमुख टूल्स के इस्तेमाल की पहचान की गई है। इनमें ARTEX, PentAGI, Cairn और CyberStrikeAI शामिल हैं। ये टूल्स अपने आप कई चरणों वाले साइबर हमले को अंजाम दे सकते हैं। साथ ही, ये अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से नए कोड और हमले के तरीके तैयार कर सकते हैं।

CERT-In का कहना है कि इन टूल्स की मदद से हैकर्स बहुत कम समय में बड़ी संख्या में ऐसे कोड तैयार कर रहे हैं, जो किसी खास कंपनी के सुरक्षा सिस्टम को निशाना बनाते हैं। हमलावर अपने तरीके को सिस्टम की प्रतिक्रिया के अनुसार बदल भी सकते हैं।

Crypto Exchanges के वॉलेट और फंड पर भी खतरा

इस मामले में क्रिप्टो उद्योग के लिए सबसे गंभीर बात यह है कि CERT-In ने पहली बार इस अभियान के तहत क्रिप्टो एक्सचेंजों और डिजिटल संपत्ति सेवा प्रदाताओं को भी स्पष्ट रूप से प्रभावित संस्थानों में शामिल किया है।

एजेंसी के मुताबिक, हमलावर क्रिप्टो वॉलेट की निजी चाबियां चुराकर उनमें रखी डिजिटल संपत्ति निकालने की कोशिश कर रहे हैं। निजी चाबी किसी क्रिप्टो वॉलेट तक पहुंच और उसमें मौजूद संपत्ति को नियंत्रित करने का सबसे अहम माध्यम होती है। अगर यह हैकर्स के हाथ लग जाए, तो वे वॉलेट से क्रिप्टोकरेंसी दूसरे पते पर भेज सकते हैं।

क्या आप जानते हैं: NEAR Token की सप्लाई घटाने का प्रस्ताव पास, फिर भी कीमत में 7% की गिरावट

हमलावर कंपनियों के भुगतान से जुड़े API का भी फायदा उठा रहे हैं। API ऐसे तकनीकी माध्यम होते हैं, जिनके जरिए अलग-अलग सॉफ्टवेयर और वित्तीय प्रणालियां एक-दूसरे से जुड़कर लेनदेन करती हैं।

CERT-In ने बताया कि हैकर्स पहले ₹1 जैसी छोटी रकम के लेनदेन से यह जांचते हैं कि पैसा भेजने का रास्ता काम कर रहा है या नहीं। अगर यह परीक्षण सफल रहता है, तो वे बड़ी रकम के अनधिकृत हस्तांतरण की कोशिश कर सकते हैं।

चीन से जुड़े टूल्स के इस्तेमाल के संकेत, लेकिन हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं

Reuters की 5 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने इस अभियान में इस्तेमाल किए गए कम से कम दो टूल्स के संबंध चीन से जोड़े हैं। इनमें ARTEX भी शामिल है, जिसका इस्तेमाल दक्षिण कोरिया के बैंकों पर हुए हमलों में किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

हालांकि, CERT-In ने अभी तक यह नहीं बताया है कि CRAFTY FALCON के पीछे कौन व्यक्ति या संगठन है और इसका संचालन किस देश से किया जा रहा है। एजेंसी ने यह भी पुष्टि नहीं की है कि इन हमलों के पीछे किसी सरकार का हाथ है।

Reuters के मुताबिक, CERT-In ने प्रभावित कंपनियों के नाम या चोरी हुई रकम का कुल आंकड़ा भी सार्वजनिक नहीं किया है। इसलिए फिलहाल यह कहना संभव नहीं है कि इस अभियान से भारतीय क्रिप्टो एक्सचेंजों को कितना वित्तीय नुकसान हुआ है।

कंपनियों को 24 घंटे निगरानी और वॉलेट सुरक्षा मजबूत करने की सलाह

CERT-In ने वित्तीय कंपनियों को अपने सिस्टम की चौबीसों घंटे निगरानी करने और छुट्टियों तथा सप्ताहांत के दौरान भी सुरक्षा टीम को सक्रिय रखने की सलाह दी है। एजेंसी ने यह भी कहा है कि केवल शुरुआती सुरक्षा खामी ठीक करना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि अधूरे सुधार के बाद कुछ कंपनियों पर दोबारा हमला किया गया।

क्रिप्टो एक्सचेंजों को विशेष रूप से वॉलेट की निजी चाबियां सुरक्षित रखने, बड़ी निकासी के लिए कई स्तर की मंजूरी लागू करने और संदिग्ध लेनदेन पर नजर रखने को कहा गया है। निजी चाबियों को सुरक्षित हार्डवेयर या ऑफलाइन भंडारण में रखने की सलाह भी दी गई है।

यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब भारत में वित्तीय संस्थानों पर साइबर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। Reuters ने पहले रिपोर्ट किया था कि अक्टूबर में दो मुंबई स्थित गैर-बैंकिंग ऋणदाताओं के खातों से 700 से अधिक अनधिकृत तत्काल हस्तांतरण के जरिए करीब $2 मिलियन निकाले गए थे। हालांकि, CERT-In ने इन घटनाओं को CRAFTY FALCON अभियान से सीधे तौर पर नहीं जोड़ा है।

AI के बढ़ते इस्तेमाल ने साइबर अपराधियों को हमले करने के नए तरीके दिए हैं। अब चुनौती केवल सिस्टम की कमजोरियों को ठीक करने की नहीं, बल्कि ऐसे हमलों को पहचानने और उनका जवाब देने की भी है, जो इंसानों की निगरानी से कहीं अधिक तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।

ऐसी ही और ख़बरों और क्रिप्टो विश्लेषण के लिए हमें X और LinkedIn पर फ़ॉलो करें, ताकि कोई भी अपडेट आपसे न छूटे!

Cointelegraph स्वतंत्र और पारदर्शी पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध है। यह समाचार लेख Cointelegraph की संपादकीय नीति के अनुरूप तैयार किया गया है और इसका उद्देश्य सटीक तथा समय पर जानकारी प्रदान करना है। पाठकों को जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। हमारी संपादकीय नीति पढ़ें https://cointelegraph.in/editorial-policy

इस विषय पर अधिक