Cointelegraph
Jai Singla द्वारा लिखितस्टाफ संपादकPratik Bhuyan द्वारा समीक्षितस्टाफ संपादक

Bitcoin $62,000 तक लुढ़का, क्रिप्टो मार्केट में बिकवाली से निवेशकों में डर

बाजारप्रकाशित16 नव॰ 2026

Bitcoin जुलाई के बाद पहली बार $62,000 के करीब पहुंचा। ETF से लगातार निकासी, करीब $2 अरब की ट्रेडिंग पोजीशन बंद होने और कमजोर बाजार धारणा ने क्रिप्टोकरेंसी पर दबाव बढ़ाया।

Bitcoin की कीमत में गिरावट ने क्रिप्टो बाजार को एक बार फिर दबाव में ला दिया है। रविवार, 15 नवंबर को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी फिसलकर करीब $62,000 तक पहुंच गई। यह जुलाई के बाद इसका सबसे निचला स्तर है। हालांकि, इसके बाद कीमत में कुछ सुधार हुआ और Bitcoin फिर $65,000 के ऊपर कारोबार करने लगा। लेकिन बीते सात दिनों में करीब 15% की गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

इस बिकवाली का असर केवल Bitcoin तक सीमित नहीं रहा। Ethereum और Solana जैसी प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। CoinGecko के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में पूरे क्रिप्टो बाजार का कुल मूल्य करीब 4% घटकर $2.26 ट्रिलियन रह गया। लगातार कमजोर होती कीमतों ने निवेशकों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।

Bitcoin के साथ Ethereum और Solana भी दबाव में

15 नवंबर को Bitcoin की कीमत गिरकर $62,080.91 तक पहुंच गई। इसके बाद इसमें कुछ सुधार आया, लेकिन यह पिछले सप्ताह के मुकाबले करीब 15% नीचे बना रहा। इससे पहले शुक्रवार को भी Bitcoin $70,000 के स्तर से नीचे फिसल गया था। उस गिरावट के बाद बाजार में बिकवाली और तेज हो गई।

दूसरी बड़ी क्रिप्टोकरेंसी Ethereum की हालत भी कमजोर रही। CoinGecko के आंकड़ों के अनुसार, बीते सात दिनों में इसकी कीमत करीब 19.5% गिर गई। वहीं Solana में इसी अवधि के दौरान लगभग 20.7% की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार की कमजोर स्थिति का अंदाजा Crypto Fear and Greed Index से भी लगाया जा सकता है। यह सूचकांक निवेशकों के डर और लालच की स्थिति को मापता है। रविवार को यह गिरकर 10 पर आ गया, जबकि शनिवार को 13 और शुक्रवार को 20 था। 10 का स्तर बाजार में अत्यधिक डर की स्थिति दिखाता है।

Bitcoin ETF से निकले $2.35 अरब

Bitcoin की कीमत पर दबाव बढ़ने की एक बड़ी वजह अमेरिकी बाजार में स्पॉट Bitcoin ETF से लगातार पैसा निकलना है। ये ऐसे निवेश फंड हैं जिनके जरिए निवेशक सीधे क्रिप्टोकरेंसी खरीदे बिना Bitcoin की कीमत में होने वाले बदलाव से जुड़ सकते हैं।

Cointelegraph की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी स्पॉट Bitcoin ETF से लगातार दो सप्ताह में कुल $2.35 अरब की शुद्ध निकासी हुई। 13 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में इन फंडों से करीब $1.07 अरब निकाले गए। इससे पहले वाले सप्ताह में लगभग $1.28 अरब की निकासी हुई थी।

दुनिया की सबसे बड़ी परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियों में शामिल BlackRock के iShares Bitcoin Trust से भी लगातार पैसा निकल रहा है। 14 नवंबर को कारोबार के दौरान इस फंड से लगातार 11वें सत्र में निकासी दर्ज की गई।

क्या आप जानते हैं: वैश्विक आउटेज के बाद Microsoft की ईमेल सेवा धीरे-धीरे सामान्य हो रही है

ETF से पैसा निकलना इसलिए अहम है क्योंकि इन फंडों के जरिए संस्थागत और बड़े निवेशक Bitcoin में निवेश करते हैं। लगातार निकासी यह संकेत देती है कि फिलहाल बड़े निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं। इससे बाजार में खरीदारी का दबाव कमजोर पड़ सकता है।

करीब $2 अरब की ट्रेडिंग पोजीशन बंद

Bitcoin की गिरावट के साथ उधार लेकर कारोबार करने वाले ट्रेडर्स को भी भारी नुकसान हुआ है। Coinglass के आंकड़ों के अनुसार, रविवार तक के 24 घंटे में पूरे क्रिप्टो बाजार में करीब $2 अरब की ट्रेडिंग पोजीशन बंद हुईं।

इनमें Bitcoin से जुड़ी पोजीशन का मूल्य करीब $774 मिलियन और Ethereum से जुड़ी पोजीशन का मूल्य लगभग $488 मिलियन था। इनमें से ज्यादातर ऐसे ट्रेडर्स थे जिन्होंने कीमत बढ़ने की उम्मीद में पैसा लगाया था।

इसे बाजार की भाषा में लॉन्ग लिक्विडेशन कहा जाता है। जब कोई ट्रेडर उधार लेकर किसी क्रिप्टोकरेंसी की कीमत बढ़ने पर दांव लगाता है और कीमत तेजी से गिरती है, तो एक्सचेंज उसकी पोजीशन अपने आप बंद कर सकता है। इससे बाजार में अतिरिक्त बिकवाली पैदा होती है और कीमतों पर दबाव और बढ़ सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, हाल के दिनों में इसी तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। इससे बाजार में गिरावट का असर और गहरा हो रहा है।

आगे क्या Bitcoin में लौटेगी तेजी?

Bitcoin की मौजूदा गिरावट के पीछे केवल तकनीकी कारण नहीं हैं। अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता, संस्थागत निवेशकों की निकासी और वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की घटती इच्छा भी इसकी कीमत को प्रभावित कर रही है।

कुछ विश्लेषकों का मानना है कि बाजार में आई यह गिरावट उधार लेकर कारोबार करने वाले निवेशकों की पोजीशन बंद होने से और तेज हुई है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञ इसे लंबे समय से चली आ रही तेजी के बाद जरूरी सुधार के रूप में भी देख रहे हैं।

फिलहाल $62,000 का स्तर Bitcoin के लिए अहम माना जा रहा है। अगर बिकवाली जारी रहती है, तो निवेशकों की नजर अगले महत्वपूर्ण स्तरों पर होगी। दूसरी ओर, कीमत में स्थिरता और ETF में दोबारा निवेश आने से बाजार को सहारा मिल सकता है।

हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि Bitcoin ने अपना निचला स्तर छू लिया है। आने वाले दिनों में अमेरिकी आर्थिक आंकड़े, ETF में निवेश का रुख और वैश्विक बाजारों की स्थिति इसकी अगली दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

ऐसी ही और ख़बरों और क्रिप्टो विश्लेषण के लिए हमें X और LinkedIn पर फ़ॉलो करें, ताकि कोई भी अपडेट आपसे न छूटे!

यह लेख Cointelegraph की Editorial Policy के अनुसार तैयार किया गया है और केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। यह निवेश सलाह या अनुशंसाएं नहीं है। सभी निवेश और व्यापार में जोखिम होता है; पाठकों को स्वतंत्र शोध करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

इस विषय पर अधिक